भिलाई छावनी थाना क्षेत्र में संचालित एक लॉज में अनैतिक देह व्यापार के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान लॉज संचालक और एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से नकद राशि और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 9 फरवरी को सूचना मिली थी कि छावनी क्षेत्र स्थित छाया इन लॉज में दलाल के माध्यम से युवतियां उपलब्ध कराकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत एक प्वाइंटर ग्राहक बनाकर लॉज में भेजा और उसके बाद घेराबंदी कर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान यह सामने आया कि लॉज के मालिक और रिसेप्शनिस्ट की जानकारी में दलाल के जरिए युवतियां बुलाकर अनैतिक गतिविधि संचालित की जा रही थी। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 88/2026 दर्ज कर धारा 3, 4 और 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
घनेश रॉय (56 वर्ष), निवासी छावनी, जिला दुर्ग
सीता चौधरी (25 वर्ष), निवासी छावनी, जिला दुर्ग
जप्त सामग्री:
नकद राशि 500 रुपये, दो मोबाइल फोन।
इस कार्रवाई में थाना छावनी की पुलिस टीम, महिला स्टाफ और विवेचना दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
























