अमेरिका-इस्राइल के संयुक्त हमलों में ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारी ढेर…

0
43

यरुशलम/नई दिल्ली । अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को भारी नुकसान पहुंचने का दावा किया गया है। इस्राइल रक्षा बलों ने कहा है कि सटीक हवाई हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर-इन-चीफ मोहम्मद पाकपुर सहित सात वरिष्ठ ईरानी सैन्य अधिकारी मारे गए हैं। हालांकि इन दावों की ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस्राइल रक्षा बल (IDF) के अनुसार, यह कार्रवाई ईरान के सैन्य और रणनीतिक ढांचे को निशाना बनाकर चलाए गए बड़े संयुक्त अभियान का हिस्सा थी। इस्राइली वायुसेना ने कथित तौर पर ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर व्यापक बमबारी की।

IRGC प्रमुख की मौत का दावा

आईडीएफ ने दावा किया कि हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के प्रमुख मोहम्मद पाकपुर मारे गए। इस्राइल ने उन पर इस्राइल के खिलाफ मिसाइल और ड्रोन अभियानों की निगरानी करने और “इस्राइल को नष्ट करने की साजिश” में भूमिका निभाने का आरोप लगाया है।

रक्षा मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी निशाने पर

आईडीएफ के अनुसार हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नासिरजादेह और सुप्रीम लीडर के वरिष्ठ सलाहकार अली शामखानी भी मारे गए। इसके अलावा सालेह असादी, मोहम्मद शिराजी और SPND हथियार विकास निकाय से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी हमले में हताहत हुए बताए गए हैं।

इस्राइल का आरोप है कि ये अधिकारी मिसाइल उत्पादन, क्षेत्रीय प्रॉक्सी समूहों के समन्वय और परमाणु कार्यक्रम से जुड़े रणनीतिक प्रोजेक्ट्स में अहम भूमिका निभा रहे थे।

ईरान की ओर से पुष्टि नहीं

अब तक ईरान की सरकार या उसके आधिकारिक मीडिया ने इन सभी नामों की पुष्टि नहीं की है। हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है, जबकि संभावित जवाबी कार्रवाई की आशंका भी जताई जा रही है।

विश्लेषकों का मानना है कि यदि इन दावों की पुष्टि होती है, तो यह ईरान की सैन्य कमान संरचना के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है और पश्चिम एशिया में अस्थिरता और गहराने की संभावना है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here