भेलवा तालाब में नहाते समय किशोर की डूबने से मौत

0
37

भिलाई । कोहका इलाके के भेलवा तालाब में नहाने के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक गुरप्रीत अपने भाई और कुछ दोस्तों के साथ तालाब गया था। शुरुआत में वह तालाब के बाहर बने गार्डन में बैठकर मोबाइल पर बात कर रहा था, जबकि उसके दोस्त पानी में नहा रहे थे। कुछ देर बाद वह भी दोस्तों को देखकर तालाब में उतर गया।

बताया जा रहा है कि पानी में उतरते ही वह अचानक गहरे हिस्से में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। परिजनों का कहना है कि तालाब के अंदर उसका पैर किसी चीज में फंस गया था, जिसके कारण वह पानी से बाहर नहीं आ पाया।

दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की। काफी प्रयास के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए भिलाई के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here