बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े लकड़ी से लदे माजदा वाहन से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस चालक और परिचालक समेत आठ से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जगतरा टोल प्लाजा के आगे मरकाटोला कैंप मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई। यात्रियों से भरी स्लीपर बस अचानक सड़क किनारे खड़े माजदा वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि रॉयल कंपनी की यह स्लीपर बस सुकमा से धमतरी और रायपुर होते हुए दुर्ग जा रही थी। बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई और यात्री घबरा गए।
हादसे के समय बस की ऊपरी स्लीपर सीटों पर सो रहे कई यात्री तेज झटके के कारण नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस दुर्घटना में बस चालक को गंभीर चोट लगी है, जबकि एक महिला यात्री का पैर बुरी तरह घायल हो गया। अन्य कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।
























