होटल की छत से कूदकर युवती ने की खुदकुशी, उपचार के दौरान तोड़ा दम

0
30

रायपुर। राजधानी के गंज थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा होटल की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित सिद्धि विनायक होटल में ठहरी 25 वर्षीय हनी गुप्ता ने होटल की छत से छलांग लगा दी। वह नीचे जीआरपी एसपी कार्यालय परिसर में गिरी। घटना के समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद मौके पर मौजूद जवानों ने उसे तुरंत आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती बाइपोलर डिसऑर्डर जैसी मानसिक बीमारी से जूझ रही थी, जो व्यक्ति के व्यवहार और मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव डालती है।

पुलिस के मुताबिक, युवती मूल रूप से रायगढ़ की रहने वाली थी और रायपुर के सड्डू क्षेत्र में अपने पिता और दो भाइयों के साथ रह रही थी। उसके माता-पिता का तलाक हो चुका है। वह पिछले कुछ दिनों से होटल में ठहरी हुई थी, हालांकि होटल पहुंचने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

घटना के बाद गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। युवती के पास से होटल के कमरे की चाबी बरामद हुई है और होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here