
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने अपने विस्तार को नई दिशा देते हुए दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में संजय जमुआर की नियुक्ति की है। इस नई इकाई के जरिए अब दिल्ली मेट्रो देश के साथ-साथ विदेशों में भी अपनी विशेषज्ञता का विस्तार करेगी।
डीएमआईएल का गठन सरकार के सहयोग से किया गया है, जिसका उद्देश्य मेट्रो और ट्रांजिट सिस्टम से जुड़ी परियोजनाओं में सलाहकार सेवाएं देना और संचालन व रखरखाव (ओ एंड एम) के कार्यों को संभालना है। यह संस्था विभिन्न शहरों और देशों में नई परियोजनाओं की योजना, विकास और सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
क्या होगा डीएमआईएल का काम
- मेट्रो और ट्रांजिट परियोजनाओं के लिए कंसल्टेंसी सेवाएं
- संचालन और रखरखाव (ओ एंड एम) में सहयोग
- लंबी अवधि की योजनाओं और नई परियोजनाओं का विकास
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेट्रो नेटवर्क विस्तार में भागीदारी
संजय जमुआर के पास रेलवे और मेट्रो क्षेत्र का व्यापक अनुभव है। वे पूर्व आईआरटीएस अधिकारी रहे हैं और भारत के साथ-साथ ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस और मध्य पूर्व में भी काम कर चुके हैं। खास बात यह है कि उन्होंने 1998 में दिल्ली मेट्रो के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी, जिससे उनकी यह नियुक्ति एक तरह की “घर वापसी” मानी जा रही है।
दिल्ली मेट्रो पहले ही देश के कई शहरों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है और अब डीएमआईएल के जरिए वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
आने वाले समय में इस पहल से भारतीय मेट्रो विशेषज्ञता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।













