
रायपुर राजधानी के वार्ड नंबर-13 स्थित रावाभाठा इलाके में मिले संदिग्ध बैग मामले में रायपुर पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद जानकारी दी है कि बैग में कम मात्रा में लो एक्सप्लोसिव सामग्री पाई गई है।
पार्षद को दी गई थी सूचना
पुलिस के अनुसार 7 मई की सुबह वार्ड क्रमांक-13 के पार्षद अश्विनी यादव को मितानिन पुष्पा साहू ने जानकारी दी थी कि विनय देवांगन नामक व्यक्ति एक बैग छोड़कर गया है, जिसमें संदिग्ध वस्तु होने की आशंका है।
इसके बाद पार्षद ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची विशेष टीम
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बैग में रखी सामग्री की जांच की।
कम मात्रा में मिला विस्फोटक पदार्थ
पुलिस जांच में बैग के भीतर कम मात्रा में लो एक्सप्लोसिव सामग्री पाई गई, जिसे प्रारंभिक तौर पर पटाखा बनाने में उपयोग होने वाले बारूद जैसा बताया गया है।
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। अधिकारियों द्वारा संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।



















