डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, हंस ट्रैवल्स कार्यालय से नोटों से भरे 3 बोरे जब्त

0
108

रायपुर


राजधानी रायपुर में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हंस ट्रैवल्स कार्यालय से नोटों से भरे तीन बोरे जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

छोटे नोटों से भरे मिले बोरे

जानकारी के अनुसार बरामद बोरों में 10, 20 और 50 रुपये के नोट भरे हुए थे। डीआरआई टीम ने सभी नकदी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

रिंग रोड स्थित कार्यालय में छापा

सूत्रों के मुताबिक रायपुर रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय में नकली नोट और संदिग्ध लेन-देन की सूचना मिलने पर डीआरआई ने बुधवार दोपहर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई, जिसे बोरों में भरकर रखा गया था।

कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी रकम

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रकम पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी। बताया जा रहा है कि कोलकाता निवासी बिस्वाल नामक व्यक्ति द्वारा यह रकम दिल्ली निवासी कमल किशोर गुप्ता को भेजी जा रही थी।

जांच एजेंसियां कर रहीं गहराई से पड़ताल

इतनी बड़ी मात्रा में छोटे नोटों को एक राज्य से दूसरे राज्य भेजने के उद्देश्य को लेकर जांच जारी है। डीआरआई इस बात की भी जांच कर रही है कि रकम का उपयोग कहां और किस कार्य में किया जाना था।

नोटों पर मिली आरबीआई सील

सूत्रों के अनुसार जब्त की गई करंसी पर आरबीआई की सील और मुहर भी पाई गई है। फिलहाल नोटों की वैधता, स्रोत और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

कर्मचारियों से पूछताछ जारी

मामले में हंस ट्रैवल्स के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here