
रायपुर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में मानसून के छत्तीसगढ़ सहित कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
विभाग के अनुसार, आगामी 12 जून से प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।



















