
जमील खान और सुनीता राजवार ने TVF संस्थापक को बताया विनम्र और टीम को साथ लेकर चलने वाला नेतृत्वकर्ता
मुंबई डिजिटल मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके TVF (द वायरल फीवर) की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘गुल्लक’ का पांचवां सीजन दर्शकों के बीच शानदार प्रतिक्रिया हासिल कर रहा है। सीरीज की सफलता के बीच कलाकार जमील खान और सुनीता राजवार ने TVF के संस्थापक अरुणाभ कुमार की सादगी, नेतृत्व क्षमता और टीम के प्रति समर्पण की खुलकर प्रशंसा की है।
‘गुल्लक’ और ‘पंचायत’ ने बदली जिंदगी : सुनीता राजवार
अभिनेत्री सुनीता राजवार ने कहा कि उनके अभिनय करियर को नई पहचान दिलाने में TVF की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि ‘गुल्लक’ और ‘पंचायत’ जैसी सीरीज ने उन्हें दर्शकों के बीच नई पहचान दिलाई।
सुनीता ने कहा कि कठिन दौर में अरुणाभ कुमार ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। उनके अनुसार, सफलता मिलने के बाद भी अरुणाभ कुमार का व्यवहार और व्यक्तित्व पहले जैसा ही सरल और सहज बना हुआ है।
“TVF एक परिवार की तरह”
सुनीता ने कहा कि TVF में काम करने का अनुभव किसी परिवार का हिस्सा होने जैसा है। उन्होंने बताया कि अरुणाभ कुमार हमेशा अपनी टीम के लिए उपलब्ध रहते हैं और कलाकारों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखते हैं।
जमील खान ने साझा किया अनुभव
अभिनेता जमील खान ने बताया कि एक स्क्रीनिंग के दौरान उन्होंने अरुणाभ कुमार से कहा था कि ‘गुल्लक’ एक बेहद मजबूत और खास प्रोजेक्ट है, जिसे लंबे समय तक उसी गुणवत्ता के साथ बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समय के साथ लेखक और निर्देशक बदलते रहे, लेकिन टीम को एकजुट रखने और गुणवत्ता बनाए रखने का काम अरुणाभ कुमार ने बखूबी किया। उनके अनुसार, अरुणाभ में टीम बनाने और उसे लगातार आगे बढ़ाने की विशेष क्षमता है।
वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई TVF की पहचान
TVF के कई शो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोकप्रियता हासिल कर चुके हैं। IMDb की टॉप 250 टीवी शोज़ सूची में TVF के कई कार्यक्रम शामिल हैं, जिनमें ‘पिचर्स’, ‘पंचायत’, ‘गुल्लक’, ‘कोटा फैक्ट्री’, ‘एस्पिरेंट्स’ और ‘ये मेरी फैमिली’ प्रमुख हैं।
आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर बढ़ी उत्सुकता
हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम में TVF ने अपनी आगामी फिल्मों और वेब सीरीज की घोषणा की। इनमें ‘Vvan’, ‘कॉलेज फेस्ट’, ‘पिरामिड’, ‘वंश’ के अलावा ‘पंचायत’, ‘एस्पिरेंट्स’, ‘संदीप भैया’, ‘ग्राम चिकित्सालय’ और ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ के नए सीजन शामिल हैं।



















