1 जुलाई से शुरू होगी विकसित भारत जी राम जी योजना, गांवों के विकास में बढ़ेगी जनभागीदारी

0
21

रोजगार दिवस कार्यक्रम में ग्रामीणों को दी गई नई योजना की जानकारी, विकास कार्यों में लोगों की होगी सीधी भागीदारी


अम्बिकापुर । जिले की ग्राम पंचायतों में आयोजित रोजगार दिवस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी देने के साथ लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। कार्यक्रम में रोजगार सृजन, आवास निर्माण, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

मनरेगा और आवास कार्यों की हुई समीक्षा

जनपद पंचायत अंबिकापुर के ग्राम पंचायत रामपुर में आयोजित कार्यक्रम में मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों और आवासों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

ग्रामीणों को आवास की लंबित किश्तों, मजदूरी भुगतान की स्थिति, नए जॉब कार्ड पंजीयन और अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी भी दी गई। साथ ही उनकी समस्याएं सुनकर समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

जल संरक्षण पर दिया गया विशेष जोर

बैठक में ‘मोर गांव-मोर पानी’ महाअभियान के तहत चल रहे जल संरक्षण और संवर्धन कार्यों की समीक्षा की गई। ग्रामीणों से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और घरों में वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अपनाने की अपील की गई।

1 जुलाई से लागू होगी नई योजना

कार्यक्रम में ग्रामीणों को ‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 1 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली इस योजना का उद्देश्य गांवों के विकास कार्यों में ग्रामीणों की प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित करना है।

योजना के तहत ग्रामवासियों की जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्यों का चयन किया जाएगा, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन हो सके। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्रामीणों के बीच पंपलेट भी वितरित किए गए।

QR कोड से मिलेगी पंचायत और योजनाओं की जानकारी

ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर लगाए गए QR कोड के उपयोग की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन कर शासन की विभिन्न योजनाओं, पंचायत गतिविधियों और विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है।

जनभागीदारी से गांवों के विकास पर जोर

रोजगार दिवस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, मनरेगा कर्मियों, विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गांवों के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here