
नई दिल्ली
पर्यावरण संरक्षण और राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने आज एक बड़े वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शुरू की गई इस पहल को अब तक का सबसे बड़ा जनभागीदारी आधारित पर्यावरण अभियान बताया जा रहा है।
यह अभियान तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया है, जहां लोग पंजीकरण कर इस मुहिम से जुड़ सकते हैं।
सरकार ने इस अभियान के तहत राजधानी में करीब 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। इसके अंतर्गत रिज क्षेत्रों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा, जिससे दिल्ली के हरित आवरण में वृद्धि हो सके।
अभियान की एक खास पहल यह भी है कि इसमें भाग लेने वाले प्रत्येक नागरिक को ‘पर्यावरण रक्षक’ प्रमाणपत्र दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित होंगे।

















