
बलौदाबाजार जिले में शिक्षिका काजल ठाकुर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक अभिषेक जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को काजल ठाकुर का शव उनके किराए के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कमरे से सुसाइड नोट, एक लिखित पर्ची और मोबाइल फोन समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए गए।
जांच में मिली पर्ची में अंग्रेजी में “मुझे मार डाला गया है” लिखा पाया गया, जिसमें आरोपी का नाम भी दर्ज था। वहीं सुसाइड नोट में कथित मानसिक प्रताड़ना और विश्वासघात का जिक्र किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका और आरोपी एक ही स्कूल में कार्यरत थे और दोनों पास-पास किराए के मकानों में रहते थे। आरोप है कि अभिषेक जायसवाल ने शादी का भरोसा दिलाकर शिक्षिका के साथ संबंध बनाए। बाद में शिक्षिका के गर्भवती होने पर जब विवाह की बात उठी, तो आरोपी ने कथित तौर पर शादी से इंकार कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे वह गहरे तनाव में चली गईं और अंततः आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए। इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार जायसवाल (30 वर्ष) मूल रूप से मरवाही क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में बलौदाबाजार सिविल लाइन में रह रहा था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।


















