
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर किया जा रहा है।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि सप्ताहभर चलने वाले इस विशेष कार्यक्रम में जागरूकता, जनसहभागिता और नवाचार को प्रमुखता दी जाएगी। विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सहकारिता आंदोलन की भूमिका और उसके महत्व से परिचित कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान आमजन को सहकारी योजनाओं, उपलब्धियों और लाभकारी पहलों की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग सहकारिता से जुड़कर इसका लाभ उठा सकें।
सरकार का उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाते हुए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।














