
रायपुर रायपुर ग्रामीण पुलिस ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खरोरा थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मांठ निवासी हेमंत सिंह मरावी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुशांत ज्ञानिक और उसके सहयोगी पीयूष पटेल आदिवासी मोहल्ले में पहुंचकर हिन्दू धर्म और देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक एवं भड़काऊ बातें करते थे। आरोप है कि दोनों ग्रामीणों पर हिन्दू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रहे थे।
शिकायत के आधार पर थाना खरोरा में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच और ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पुलिस ने सुशांत ज्ञानिक और पीयूष पटेल को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

















