रायगढ़ में 25 हाथियों का दल सड़क पार करता दिखा, वन विभाग ने रोका ट्रैफिक

0
4

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 6 बजे 25 हाथियों का दल सड़क पार करता नजर आया। हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग ने चारमार क्षेत्र में दोनों ओर से यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया।

वन विभाग को पहले ही सूचना मिल गई थी कि हाथियों का बड़ा दल जंगल से निकलकर मुख्य सड़क पार करने वाला है। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए ट्रैफिक नियंत्रित किया। इसके बाद हाथियों का दल सुरक्षित रूप से सड़क पार कर पानीखेत और पाकादरहा के जंगल की ओर बढ़ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और हाथियों का वीडियो बनाने लगे। वनकर्मियों ने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके पास नहीं जाने की अपील की।

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि हाथियों के इस दल में नर, मादा और शावक भी शामिल हैं। वन विभाग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।

वन अधिकारियों के अनुसार, रायगढ़ जिले में 100 से अधिक हाथियों की मौजूदगी है। एक जंगल से दूसरे जंगल तक जाने के दौरान उन्हें कई बार सड़कें पार करनी पड़ती हैं। इसे देखते हुए प्रभावित गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले जंगल नहीं जाने और हाथियों से छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here