रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, PWD सचिव ने की समीक्षा बैठक

0
137

रायपुर लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने प्रदेश में निर्माणाधीन और प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) तथा रेलवे अंडरब्रिज (RUB) परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंत्रालय में आयोजित बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग और रेलवे अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और बाधाओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

निर्माण कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए

सचिव ने विभागीय और रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय मजबूत करते हुए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दी जाए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे लोगों को रेलवे फाटकों और यातायात जाम से राहत मिलेगी, साथ ही माल परिवहन भी अधिक सुगम और तेज होगा।

अप्रारंभ परियोजनाएं जल्द शुरू करने के निर्देश

मुकेश कुमार बंसल ने नए ROB और RUB कार्यों को जल्द शुरू करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिक्रमण हटाने, भूमि व्यपवर्तन, नामांतरण, भू-अर्जन तथा अन्य प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल निराकरण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में आवागमन को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है।

यूटिलिटी शिफ्टिंग और संयुक्त निरीक्षण पर जोर

बैठक में सचिव ने यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, दूरसंचार जैसी सुविधाओं के स्थानांतरण में देरी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने जहां आवश्यकता हो, वहां लोक निर्माण विभाग और रेलवे अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर ड्राइंग, डिजाइन और प्राक्कलन से जुड़े कार्य जल्द पूरा करने को कहा।

हर तीन महीने में होगी समीक्षा

सचिव ने सभी रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज परियोजनाओं की नियमित और सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर तीन महीने में समीक्षा बैठक आयोजित कर परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर के प्रधान मुख्य अभियंता अवनीश कुमार पाण्डेय, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, अधीक्षण अभियंता डी.के. माहेश्वरी, रेलवे के मुख्य अभियंता मनोज कुमार सिंह, राजीव कुमार और तत्वदर्शी साहू सहित विभाग एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here