
रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में गाड़ी चलाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक सवार युवकों ने एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 की शाम रोहणीपुरम निवासी पवन कुमार लालवानी अपने घर से गोदाम जा रहे थे। इसी दौरान लाखे नगर–रायपुरा मार्ग पर पूजहा ब्रदर्स के सामने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने लापरवाही से वाहन चलाने की बात को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया।
धारदार हथियार से किया हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एक आरोपी ने धारदार हथियार से पवन कुमार के सीने पर वार करने का प्रयास किया। बचने की कोशिश करने पर उनके बाएं घुटने के पास हमला कर दिया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर थाना डीडी नगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, बाइक जब्त
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विजय सोनी उर्फ ढोलू (18), लोकेश बघेल उर्फ लक्कू (20) और भागवत सोनी उर्फ भागो (20) शामिल हैं। तीनों रायपुर के त्रिमूर्ति नगर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


















