
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में नकबजनी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 6 विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल 7 आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों ने एक कार्यालय का ताला तोड़कर नकदी चोरी की थी। पुलिस ने चोरी की पूरी रकम की बरामदगी कर ली है।
ऑफिस का ताला तोड़कर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, दुखित राम साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 जुलाई की रात से 8 जुलाई की सुबह के बीच गोंदवारा स्थित अनुग्रह रेजीडेंसी के पास उनके कार्यालय का ताला तोड़कर टेबल की दराज में रखी नकदी और चांदी के सामान चोरी कर लिए गए। प्रारंभिक शिकायत में चोरी गई संपत्ति की कीमत 1.48 लाख रुपये बताई गई थी।
जांच में सामने आई वास्तविक चोरी
सीसीटीवी फुटेज और दोबारा पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता ने बताया कि 1 लाख रुपये, चांदी के सिक्के और कटोरी कार्यालय परिसर में स्थित किराना दुकान और पूजा स्थल पर सुरक्षित मिले। इसके अलावा करीब 30 हजार रुपये घर में रखे मिले। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने 16 हजार रुपये ही चोरी किए थे।
7 आरोपी पकड़े गए, पूरी रकम बरामद
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 6 विधि से संघर्षरत बालकों और एक वयस्क आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में सभी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों के कब्जे से 13,300 रुपये बरामद किए गए, जबकि 2,700 रुपये खर्च करने की बात सामने आई। पुलिस ने कुल चोरी की राशि की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की।
एक आरोपी जेल भेजा गया
मामले में गिरफ्तार जय तांडी (20 वर्ष) को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, 6 विधि से संघर्षरत बालकों को वैधानिक प्रक्रिया के तहत बाल न्यायालय, माना में प्रस्तुत किया गया।


















