SECR में ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली का SIL-4 परीक्षण सफल

0
11

रायपुर भारतीय रेलवे की स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) में एक और अहम उपलब्धि हासिल की है। नागपुर मंडल के कलमना–सालवा रेलखंड पर SIL-4 स्तर का सफल ट्रायल पूरा किया गया। इस दौरान ऑटोमैटिक ब्रेकिंग, गति नियंत्रण, सिग्नल पहचान और SOS अलर्ट जैसे सभी सुरक्षा फीचर्स का सफल परीक्षण हुआ।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 23 जुलाई को हुए इस परीक्षण में कवच प्रणाली ने सभी सुरक्षा मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया। इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यदि लोको पायलट किसी कारणवश लाल सिग्नल पर ट्रेन नहीं रोक पाता, तो सिस्टम अपने आप ऑटोमैटिक ब्रेक लगा देता है, जिससे दुर्घटना की आशंका काफी कम हो जाती है।

इसके अलावा, यदि ट्रेन निर्धारित गति सीमा से अधिक चलती है, तो कवच स्वतः हस्तक्षेप कर उसकी रफ्तार सुरक्षित सीमा तक ले आता है। वहीं, आपातकालीन SOS फीचर के जरिए लोको पायलट या स्टेशन मास्टर तुरंत अलर्ट भेज सकते हैं, जिससे आसपास की ट्रेनों और स्टेशनों को तत्काल सूचना मिल जाती है और जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में स्वतः ब्रेकिंग शुरू हो सकती है।

इस ट्रायल के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे। रेलवे का मानना है कि **’कवच’ प्रणाली के व्यापक इस्तेमाल से रेल यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और तकनीक-संचालित बनेगी।**

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here