रायपुर में 70 लाख की चोरी का 6 घंटे में खुलासा, घरेलू रसोइया समेत दो आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

0
9

परिवार के बाहर जाते ही रची साजिश, नकदी-जेवर समेत पूरा चोरी का सामान बरामद

रायपुर राजधानी रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन अपार्टमेंट में हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में घर का घरेलू रसोइया महेंद्र यादव और उसके साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पूरी नकदी, जेवरात और अन्य सामान बरामद कर लिया है।

रसोइए ने साथी के साथ मिलकर बनाया था चोरी का प्लान

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी पंकज अग्रवाल परिवार सहित निजी काम से नया रायपुर गए हुए थे। घर पर केवल घरेलू रसोइया महेंद्र यादव मौजूद था, जिसे हाल ही में काम पर रखा गया था। परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर महेंद्र ने अपने साथी के साथ मिलकर अलमारी और लॉकर से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए।

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग

घटना की सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में महेंद्र यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया। तकनीकी जांच से पता चला कि दोनों आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर के लिए रवाना हो गए।

आरपीएफ की मदद से नागपुर स्टेशन पर दबोचे गए आरोपी

रायपुर पुलिस ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से समन्वय स्थापित किया। आरोपियों की फोटो और जानकारी साझा करने के बाद नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

70 लाख का पूरा सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹51.50 लाख नकद, सोने के जेवर, गिन्नी, सोने-चांदी के सिक्के, पेन ड्राइव, महत्वपूर्ण दस्तावेज और घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब ₹70 लाख बताई गई है।

पूछताछ में सामने आए कई अहम तथ्य

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात पहले से तय योजना के तहत की गई थी। चोरी के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घटनास्थल से निकले, उसे पार्किंग में छोड़कर किराये के वाहन से रेलवे स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से नागपुर भाग गए। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here