साइबर ठगी की रकम से खरीदे सोने के सिक्के, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
15

ज्वेलर्स को बनाया निशाना, 12 ग्राम सोने के सिक्के बरामद


रायपुर रायपुर पुलिस ने साइबर ठगी की रकम से सोने के सिक्के खरीदकर ज्वेलर्स से धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 1.80 लाख रुपये कीमत के 12 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए गए हैं। मामले में साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

दो ज्वेलर्स से साइबर ठगी की रकम से खरीदा सोना

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने JAGDAMBA TC नामक यूपीआई आईडी के जरिए भुगतान कर टिकरापारा स्थित दो ज्वेलरी दुकानों से सोने के सिक्के खरीदे। बाद में बैंक ने संबंधित ट्रांजेक्शन को साइबर ठगी से जुड़ा बताते हुए राशि होल्ड कर दी, जिससे दोनों व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने यूपीआई ट्रांजेक्शन, बैंक खातों, मोबाइल नंबर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

गिरफ्तार आरोपियों मनजीत मंडल (27), शाहिल नेताम (21) और आयुष साहू (21) ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने साइबर ठगी से प्राप्त रकम का उपयोग कर सोने के सिक्के खरीदे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 12 ग्राम सोने के सिक्के जब्त कर लिए हैं।

साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि साइबर ठगी की रकम उन्हें कैसे मिली, इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है तथा ऐसी कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया गया। आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here