
रिंग रोड पर राहगीर से छीना था मोबाइल, पुलिस ने 8 हजार रुपये का फोन किया बरामद
रायपुर रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में राहगीर से मोबाइल लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
रास्ता पूछने के बहाने छीना मोबाइल
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 की रात प्रार्थी राम कुमार शुक्ला साइकिल से उरला से अपने घर कुम्हारी जा रहे थे। तेंदुआ ओवरब्रिज के पास रिंग रोड पर बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर भवानी इस्पात का पता पूछा। बातचीत के दौरान एक आरोपी ने उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया और तीनों मौके से फरार हो गए।
तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उरला निवासी विशाल सिंह राजपूत की पहचान होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
लूटा गया मोबाइल बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 8 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल सिंह राजपूत (24 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, उरला, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।



















