
स्कूली विद्यार्थियों को मिलेगा कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण, बस्तर की संस्कृति और पर्यटन को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने पर रहेगा फोकस
जगदलपुर छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण देने के साथ बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना है।
कला के माध्यम से बस्तर की सकारात्मक पहचान होगी मजबूत
कार्यशाला की थीम ‘मुस्कुराता बस्तर’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन स्थलों और समृद्ध लोक परंपराओं को कार्टून कला के जरिए नई पहचान देना है। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।
वरिष्ठ कार्टूनिस्ट देंगे लाइव प्रशिक्षण
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे विद्यार्थियों को लाइव डेमो के जरिए कार्टून और कैरिकेचर बनाने की बारीकियां सिखाएंगे। इसके साथ ही प्रतिभागियों को कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगार से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
आयोजकों का मानना है कि इस पहल से बस्तर की उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की सकारात्मक छवि को रचनात्मक माध्यम से देशभर तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास
‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने की दिशा में एक रचनात्मक पहल है। यह कार्यशाला विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता को नया मंच प्रदान करेगी।















