
रायपुर राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, चरित्र पर संदेह के चलते आरोपी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक युवती का शव मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। शव की पहचान 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन, निवासी रायपुर के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों में सामने आया कि पहले युवती के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंसा गया, फिर उसी दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई। इसके बाद मौत सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया गया।
जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी करण तांडी (23) पर संदेह जताया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ समय तक दोनों साथ भी रहे, लेकिन बाद में अलग हो गए। आरोपी को मृतका के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की शाम आरोपी ने युवती को मिलने के बहाने सोलापुरी माता मंदिर के पास बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में आकर दुपट्टे से गला घोंट दिया और बाद में पानी से भरे खेत में सिर डुबोकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

















