
महासमुंद जिले के नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाएं अधिक आसान और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 29, बरोडा चौक के पास नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, यूआईडीएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर और बीएलएस इंटरनेशनल के रीजनल मैनेजर भी मौजूद रहे। अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की सराहना की।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि नए आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि इससे आधार से जुड़ी सेवाएं तेज और सुगम होंगी, जिससे विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भी गति आएगी।
एक ही जगह मिलेंगी आधार की सभी सेवाएं
नए केंद्र में नागरिकों को एक ही छत के नीचे कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें शामिल हैं—
- नया आधार कार्ड बनवाना
- बच्चों और वयस्कों का आधार नामांकन
- फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो अपडेट
- 5 से 15 वर्ष के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट
- नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि में संशोधन
- पहचान और पते से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन व अपलोड
सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा केंद्र
आधार सेवा केंद्र सोमवार से रविवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होगा। नागरिक केंद्र पर सीधे पहुंचकर या ऑनलाइन स्लॉट बुक कर अपनी सुविधा के अनुसार सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
प्रशासन ने जिले और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे आधार नामांकन और अपडेट से जुड़े कार्यों के लिए इस नए केंद्र की सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।















