भारत-जापान क्रिकेट में नया अध्याय, 22 सितंबर को पहली बार आमने-सामने होंगी टीमें

0
19
Nby

नई दिल्ली भारत और जापान की पुरुष क्रिकेट टीमें 22 सितंबर को पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच होने वाला यह एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबला भारत-जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के समारोह का हिस्सा है।

‘स्पोर्ट 75’ की होगी शुरुआत

यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला कदम होगा। इस पहल का उद्देश्य भारत और जापान के बीच खेल के जरिए आपसी संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देना है। यह पहल दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच हुए शिखर सम्मेलन में बनी सहमति से जुड़ी है।

खास बात यह है कि भारतीय पुरुष टीम पहली बार जापान की धरती पर कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी। मैच को सुजुकी कप के नाम से जापान के तोचिगी प्रांत स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।

500 से बढ़ाकर 2 हजार दर्शकों की क्षमता

ऐतिहासिक मुकाबले को देखते हुए सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड को भी तैयार किया गया है। जापान क्रिकेट एसोसिएशन के मुताबिक, आम तौर पर करीब 500 दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान को इस आयोजन के लिए लगभग 2,000 दर्शकों की मेजबानी के हिसाब से तैयार किया गया है।

भारत के लिए यह मुकाबला एशियाई खेलों से पहले तैयारी का भी हिस्सा है, जबकि जापान की टीम को दुनिया की शीर्ष टीमों में शामिल भारत के खिलाफ खेलने का अनुभव मिलेगा। दोनों टीमें 2026 एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेने वाली हैं।

यह मुकाबला जापान में क्रिकेट को बढ़ावा देने और दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here