झांसी में सड़क हादसे में अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान की मौत, तीन अन्य घायल

0
30

झांसी उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके साथी सोनू खान ने भी जान गंवा दी, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे।

जानवर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार क्रेटा कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दो की मौके पर मौत, तीन का इलाज जारी

हादसे में आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद और सोनू खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अहजम, मोहम्मद जैद और उमर अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

शादी के कार्ड से हुई पहचान

दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी के दौरान पुलिस को एक शादी का निमंत्रण पत्र मिला। उस पर दर्ज मोहम्मद जैद के नाम और संपर्क विवरण के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर मृतकों और घायलों की पहचान की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल युवक बार-बार अपने साथियों के बारे में पूछते रहे, लेकिन गंभीर हालत के कारण अधिक जानकारी नहीं दे सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक की पहचान आबान अहमद के रूप में हुई है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

झांसी जेल में बंद है अली अहमद

गौरतलब है कि उमेश पाल हत्याकांड और रंगदारी समेत कई मामलों में आरोपी अली अहमद पिछले करीब 10 महीने से झांसी जेल में बंद है। आबान अहमद और उसके साथी उसी से मिलने के लिए झांसी जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here