
रायपुरमुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और दूसरी महिला से मारपीट के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम ने देवेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अकेली महिलाओं को देखकर साइकिल से उनका पीछा करता था।
पानी में मिला था महिला का शव
21 जुलाई को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट और खरोंच के निशान पाए गए। मौत पानी में डूबने से सांस रुकने के कारण हुई थी। इसके बाद मुजगहन थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वहीं 5 अगस्त को सेजबहार निवासी एक अन्य महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 8:30 बजे एक युवक ने उसे रोका, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी, फिर नाली में धक्का देकर मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया।
सैकड़ों CCTV कैमरों की जांच
दोनों घटनाओं की जांच के लिए पुलिस ने 8 से अधिक टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थलों और आसपास के रास्तों में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा संदिग्धों, पूर्व अपराधियों और हाल में जेल से बाहर आए लोगों की गतिविधियों की भी जांच की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सेजबहार निवासी देवेंद्र कुमार साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दोनों घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की।
दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महिला को अकेले जाते देखा और साइकिल से उसका पीछा किया। झूमाझटकी के बाद उसने महिला को पानी में गिराया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद गला दबाकर और मुंह-नाक पानी में डुबोकर उसकी हत्या करने की बात सामने आई है। आरोपी महिला का मोबाइल भी अपने साथ ले गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दूसरी महिला के साथ भी इसी तरह की वारदात करने का प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
पहले भी गंभीर अपराध में मिल चुकी है सजा
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी महिला संबंधी गंभीर अपराध दर्ज रहे हैं। मुजगहन थाने के वर्ष 2017 के एक मामले में उसे अदालत से 10 वर्ष के कारावास की सजा मिल चुकी है। इसके अलावा वर्ष 2025 में टिकरापारा थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल साइकिल और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी देवेंद्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेजबहार आमापारा, रायपुर के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।













