एशियन गेम्स में साई धर्मशाला की तीन बेटियां करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

0
3
Nby

ज्योति, पुष्पा और भावना का भारतीय महिला कबड्डी टीम में चयन

 हिमाचल प्रदेश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस धर्मशाला की तीन महिला कबड्डी खिलाड़ियों ज्योति, पुष्पा और भावना का चयन आगामी एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम में हुआ है।

जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक होने वाले एशियन गेम्स में तीनों खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। एक ही प्रशिक्षण केंद्र से तीन खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन होना धर्मशाला सेंटर के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

राष्ट्रीय कैंप में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद मिली जगह

साई धर्मशाला सेंटर के प्रभारी जेपी साहनी ने बताया कि सिमरन कंबोज, पुष्पा, ज्योति, चंपा और भावना का चयन राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए हुआ था। कैंप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद ज्योति, पुष्पा और भावना ने 12 सदस्यीय भारतीय महिला कबड्डी टीम में अपनी जगह बनाई।

जेपी साहनी ने कहा कि एक ही सेंटर की तीन खिलाड़ियों का एशियन गेम्स के लिए चयन होना पूरे धर्मशाला सेंटर के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत के साथ प्रशिक्षकों के योगदान और सेंटर में उपलब्ध वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं सहयोग को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

देश के लिए पदक जीतने उतरेंगी तीनों खिलाड़ी

एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अब ज्योति, पुष्पा और भावना देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी। भारतीय टीम की मुख्य प्लेइंग-7 में भी हिमाचल की इन खिलाड़ियों को मौका मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

साई धर्मशाला में फिलहाल कबड्डी और वॉलीबॉल का प्रशिक्षण दिया जाता है। कबड्डी खिलाड़ियों की इस सफलता के बाद सेंटर में प्रशिक्षण सीटों और आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार करने पर भी जोर देने की बात कही गई है।

धर्मशाला सेंटर की तीन खिलाड़ियों के एक साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम में पहुंचने से हिमाचल प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को भी नई पहचान मिली है और एशियन गेम्स में इन खिलाड़ियों से देश के लिए शानदार प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here