सारंगढ़-बिलाईगढ़ में बड़ा सड़क हादसा, पिकअप पलटने से 15 घायल

0
383

परसापाली मोड़ के पास हुआ हादसा, तीन बच्चों समेत 15 लोग घायल; 3 की हालत गंभीर


सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहा थाना क्षेत्र में रविवार को एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में करीब 15 महिला-पुरुष घायल हुए हैं, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक सभी लोग एक ही पिकअप में सवार होकर बसना के बेहरदबरी गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान परसापाली मोड़ के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही सलिहा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पिकअप अनियंत्रित होने की वजह की जांच

फिलहाल वाहन के अनियंत्रित होने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। सलिहा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के संभावित कारणों का पता लगा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here