रायपुर में डिलीवरी कंपनियों के मैनेजरों की बैठक, डिलीवरी बॉय के लिए जारी हुए सख्त निर्देश

0
6

हेलमेट, स्पीड और रॉन्ग साइड को लेकर हिदायत, 10-15 मिनट की डेडलाइन का दबाव नहीं बनाने कहा


रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के प्रतिनिधियों और मैनेजरों के साथ बैठक कर सड़क सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने की। इसमें फ्लिपकार्ट, ब्लू डार्ट, डिलीवरी डॉट कॉम, ब्लिंकिट समेत अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन तथा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सतीश ठाकुर और रमेश येरेवार भी मौजूद रहे।

यातायात नियमों का पालन अनिवार्य

यातायात पुलिस ने कंपनियों को निर्देश दिया कि उनके सभी डिलीवरी एजेंट सड़क पर सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से काम करें। डिलीवरी के दौरान हेलमेट पहनना, रॉन्ग साइड से वाहन नहीं चलाना, ओवरस्पीडिंग से बचना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह का यातायात नियमों का उल्लंघन डिलीवरी कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है।

डिलीवरी कर्मचारियों का होगा चरित्र सत्यापन

आम नागरिकों की सुरक्षा और डिलीवरी सेवाओं के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए कंपनियों को अपने सभी डिलीवरी कर्मचारियों का पुलिस चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

10-15 मिनट की डेडलाइन का दबाव न बनाएं

बैठक में डिलीवरी कंपनियों को खास तौर पर निर्देश दिया गया कि कर्मचारियों पर 10-15 मिनट जैसी तय समय सीमा में डिलीवरी पूरी करने का दबाव न बनाया जाए। पुलिस के मुताबिक, ऐसी डेडलाइन के कारण डिलीवरी एजेंट जल्दबाजी और तेज रफ्तार में वाहन चला सकते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

नियम तोड़ने पर कंपनी भी करे कार्रवाई

यातायात पुलिस ने कंपनियों से कहा कि यदि कोई डिलीवरी एजेंट यातायात नियमों का उल्लंघन करता है या लापरवाही से वाहन चलाता है तो कंपनी भी अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करे। साथ ही कर्मचारियों को समय-समय पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को कहा गया।

नागरिकों से भी सहयोग की अपील

यातायात कमिश्नरेट रायपुर ने डिलीवरी कंपनियों से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। वहीं आम नागरिकों से भी कहा गया है कि ऑनलाइन सामान मंगाते समय डिलीवरी एजेंट पर जल्द डिलीवरी का दबाव न बनाएं। यातायात नियमों का पालन करते हुए डिलीवरी कर्मचारियों को सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त समय देने में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here