
मुंबई केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में सोमवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद की गई है।
दिशा सालियान की जून 2020 में मुंबई में मौत हुई थी। इसके कुछ दिनों बाद ही सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हो गई थी। दोनों घटनाओं के बीच के समय को लेकर लंबे समय से कई तरह के सवाल और चर्चाएं होती रही हैं।
CBI के सामने पिता ने दर्ज कराया बयान
एफआईआर दर्ज होने से दो दिन पहले दिशा के पिता सतीश सालियान ने CBI के सामने अपना बयान दर्ज कराया था। उन्होंने अपनी बेटी की मौत के मामले में कथित साजिश और बाद में मामले को दबाने की कोशिश किए जाने के आरोप लगाए हैं।
सतीश सालियान ने पूर्व महाराष्ट्र मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनके बेटे और शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे समेत कई लोगों की भूमिका की जांच की मांग की है।
आपराधिक साजिश और सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप
पिता के बयान के अनुसार, मामले में कथित आपराधिक साजिश, दिशा की मौत को आत्महत्या बताने के लिए गलत कहानी तैयार करने और उसे प्रचारित करने के आरोपों की जांच की जरूरत है। इसके अलावा उन्होंने सबूतों को दबाने, नष्ट करने या उनमें कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने की भी जांच की मांग की है।
कई लोगों के नाम का किया गया जिक्र
बयान में जिन लोगों के नाम का जिक्र किया गया है, उनमें आदित्य ठाकरे, रोहन रॉय, डिनो मोरिया, सूरज पंचोली, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड्स, रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, सचिन वाजे, परमबीर सिंह, डीसीपी विशाल ठाकुर, उद्धव ठाकरे और अनिल देशमुख समेत कई पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
हालांकि, इन लोगों के नाम बयान में शामिल होने मात्र से उनके खिलाफ आरोप साबित नहीं होते। अब CBI की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की आगे की दिशा तय होगी।


















