नलखेड़ा में बड़ा हादसा: बारिश से उफने नाले में बही श्रद्धालुओं की कार, 8 की मौत

0
16

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले को पार करने के दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई।

तेज बहाव का अंदाजा नहीं लगा सका चालक

जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग मां बगलामुखी के दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे। मंदिर के पास बरसाती नाले में पानी का बहाव तेज था। बताया जा रहा है कि चालक को पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं हो सका और उसने कार को नाला पार कराने की कोशिश की।

इसी दौरान कार पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई और नाले में बह गई।

सुबह मिली कार, अंदर से निकले 8 शव

शनिवार सुबह नाले का पानी कुछ कम होने के बाद राहगीरों की नजर पानी में फंसी कार पर पड़ी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कार से 8 लोगों के शव बरामद किए गए।

आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

सात लोगों के ओडिशा से होने की जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सात लोग ओडिशा के रहने वाले थे और नलखेड़ा में मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने उज्जैन से कार किराए पर ली थी। हालांकि, पुलिस की ओर से मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी की पुष्टि की जा रही है।

हादसे की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here