
दुर्ग जिले के कुम्हारी में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने एक गुटखा फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा गुटखा जब्त किया है। फिलहाल अधिकारी गोदाम में रखे सामान और दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।
अवैध रूप से गुटखा बनाने की मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, सेंट्रल GST इंटेलिजेंस को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रविवार सुबह मौके पर पहुंचकर गोदाम में दबिश दी।
अधिकारियों ने गोदाम में रखे सामान की जांच करने के साथ गुटखा तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही मशीनों को भी कब्जे में लिया।
दस्तावेजों और स्टॉक की जांच जारी
छापेमारी के दौरान करीब 30 बोरा तैयार गुटखा और दो मशीनें जब्त की गई हैं। टीम गोदाम में मौजूद अन्य सामान, स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

















