
रायपुर । छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए टीमों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खिलाड़ियों के चयन के लिए 28 और 29 सितंबर को रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में दो दिवसीय ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
सुबह 9 बजे से शुरू होगा ट्रायल
चयन ट्रायल दोनों दिन सुबह 9 बजे से होगा। ट्रायल के सुचारू संचालन, आवश्यक समन्वय और तकनीकी सहायता के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने तीन अधिकारियों की टीम बनाई है।
चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार पूरी की जाएगी। विभाग ने चयन प्रक्रिया शुरू होने से पहले खिलाड़ियों के चयन के मानदंड और पूरी प्रक्रिया का लिखित विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पारदर्शी प्रक्रिया के निर्देश
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को चयन ट्रायल से जुड़ी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने चयन प्रक्रिया को निर्धारित मानदंडों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से पूरा करने को कहा है।
ट्रायल के बाद चयनित 6 टीमों की सूची और चयन प्रक्रिया से संबंधित रिपोर्ट खेल संचालनालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
21 अक्टूबर से शुरू होगी हॉकी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी।
इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। इन टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए 28 और 29 सितंबर को रायपुर में ट्रायल आयोजित किया जा रहा है।















