
रायपुर । छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्से के कई जिलों में पिछले दिन से लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर और भिलाई समेत कई शहरों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। धमतरी के रविशंकर सागर (गंगरेल) बांध और मुरमसिल्ली बांध में जलस्तर बढ़ गया है। गंगरेल बांध के पांच रेडियल गेट खोल दिए गए हैं।
गरियाबंद का रायपुर से संपर्क प्रभावित
लगातार बारिश के कारण गरियाबंद जिला मुख्यालय का राजधानी रायपुर से संपर्क प्रभावित हुआ है। अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर पैरी और सोंढूर नदी के संगम स्थल पंटोरा में सड़क पर पानी आ गया है। इसके चलते इस मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया है।
सात जिलों में स्कूल बंद, परीक्षाएं स्थगित
भारी बारिश को देखते हुए बस्तर, बीजापुर, कोंडागांव, कांकेर, सुकमा, धमतरी और गरियाबंद जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके साथ ही शुक्रवार को होने वाली बच्चों की त्रैमासिक परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए सभी जिला कलेक्टरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि बारिश के कारण आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।














