
धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने शुक्रवार को सारंगपुर और भरारी गांव का दौरा कर जलभराव और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
सारंगपुर में ग्रामीणों से किया संवाद
सीईओ जयंत नाहटा ने सारंगपुर में नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी तरह का जोखिम न लेने की अपील की।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि खतरा बढ़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। प्रशासन की ओर से जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और वहां भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा व आवास समेत जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत-बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश
सीईओ ने अधिकारियों को संभावित रूप से प्रभावित परिवारों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए जाने वाले लोगों के लिए पर्याप्त भोजन, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव दल और जरूरी संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
भरारी में भी लिया जलस्तर का जायजा
इसके बाद सीईओ भरारी पहुंचे और नदी तथा आसपास के इलाकों में जलस्तर की स्थिति देखी। उन्होंने नदी किनारे रहने वाले परिवारों को विशेष सावधानी बरतने और जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने की समझाइश दी।
अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और जरूरतमंद परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें
जयंत नाहटा ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बारिश और नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और किसी भी संभावित खतरे की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीणों से नदी, नाले, पुल-पुलिया और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ वर्षा रानी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित और संभावित प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।














