एनएच-31 पर तीर्थयात्रियों की बस में भीषण आग, 60 यात्रियों ने समय रहते बचाई जान

0
10
Nby

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में शनिवार तड़के एनएच-31 पर एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 50 से 60 तीर्थयात्री सवार थे। आग लगने का पता चलते ही सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दार्जिलिंग से वाराणसी जा रहे थे यात्री

घटना मानसी थाना क्षेत्र में अनिल होटल के पास सुबह करीब 3 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, तीर्थयात्री दार्जिलिंग से राजगीर होते हुए वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान बस से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं।

आग देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने बिना देर किए बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। यात्रियों के उतरने के कुछ ही देर बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल ने आग पर पाया काबू

बस को सड़क किनारे धू-धूकर जलता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

आग लगने की वजह की जांच जारी

मानसी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। संबंधित विभागों की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि, सभी यात्रियों के समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here