
बस्तर। बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। रविवार को बस्तर जिले के डोंगाघाट क्षेत्र में बाढ़ के बीच फंसे 18 नागरिकों को भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
घरों में घुसा बाढ़ का पानी, छतों पर फंसे लोग
लगातार बारिश और अचानक जलस्तर बढ़ने से डोंगाघाट इलाके में बाढ़ का पानी कई घरों में घुस गया। इसके चलते कई ग्रामीणों और छोटे बच्चों को जान बचाने के लिए घरों की छतों पर शरण लेनी पड़ी।
स्थिति गंभीर होने के बाद जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने राहत एवं बचाव अभियान तेज किया।
MI-17 से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
रविवार को भारतीय वायुसेना के विशेष MI-17 हेलीकॉप्टर को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। वायुसेना की टीम ने बाढ़ के बीच फंसे 18 नागरिकों को सुरक्षित एयरलिफ्ट किया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
कलेक्टर और एसपी ने संभाली कमान
पूरे बचाव अभियान की निगरानी बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने की। प्रशासन और सुरक्षा बलों की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।


















