
दुबई/नई दिल्ली । दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में कप्तान पर चाकू से हमला करने के आरोप में सह-पायलट को गिरफ्तार किया गया है। घटना के दौरान विमान दो मिनट से भी कम समय में करीब 17,400 फीट नीचे आ गया। हालांकि, चालक दल और यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू किया और विमान को स्थिर करने में मदद की।
इसके बाद विमान का रुख बदला गया और उसे उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक क्षेत्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।
घायल होने के बावजूद कैप्टन ने संभाला मोर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने खतरे का सामना करते हुए दूसरों की जान बचाने के लिए साहस दिखाया। प्रधानमंत्री ने उन्हें नायक बताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने भी घटना को गंभीर बताते हुए इसकी जांच की बात कही। नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार को विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाने वाला नायक बताया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन की बहादुरी की सराहना की। उनके अनुसार, सह-पायलट के हमले के बाद कैप्टन ने स्थिति को संभालने और विमान को संभावित दुर्घटना से बचाने के लिए मदद मांगी।
तबुक अस्पताल में इलाज जारी
रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं। भारतीय दूतावास के अनुसार, कैप्टन तबुक के एक अस्पताल में भर्ती हैं और शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।
दूतावास ने बताया कि वह कैप्टन के परिवार के संपर्क में है और सऊदी अरब के अधिकारियों के समन्वय से उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।



















