
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और हाथों में मशाल लेकर सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी इसी नाम से विकसित करने की बात कही।
साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक बनेंगे। साथ ही आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र की प्रगति में नागरिकों की भूमिका की प्रेरणा देंगे।
बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
25 वर्षों को बताया जनसेवा और सुशासन की यात्रा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा बताया।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
17 सितंबर से चल रहा ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर को प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई थी।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने इसे केवल सरकार का लक्ष्य नहीं बल्कि देशवासियों का सामूहिक संकल्प बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के जरिए प्रदेश के विकास की दिशा तय की है।
वैश्विक निवेश और अवसरों से जुड़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप राज्यों को दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करने चाहिए।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में भागीदारी के लिए चुना था। सिंगापुर में उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।
साय ने कहा कि भारत-सिंगापुर के मजबूत संबंधों के बीच वैश्विक स्तर पर भारत के प्रति विश्वास बढ़ा है और इसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को भी मिल रहा है।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।














