
रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिस्दा ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनका चयन भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में हुआ है। किरण फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो के तहत रूस के खिलाफ होने वाले दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। ये मुकाबले 8 और 11 अक्टूबर को कोलकाता में निर्धारित हैं।
किरण के चयन से प्रदेश के खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के जरिए उनसे बातचीत की और बधाई दी। उन्होंने कहा कि किरण की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की अन्य युवा खिलाड़ियों को भी फुटबॉल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कर चुकी हैं भारत का प्रतिनिधित्व
किरण पिस्दा इससे पहले भी भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में नेपाल में आयोजित सैफ महिला चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। अब रूस के खिलाफ आगामी मुकाबलों में उन्हें एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
रायपुर की फुटबॉल अकादमी में तराशी गई प्रतिभा
किरण की इस सफलता के पीछे रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी में मिले प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भी अहम भूमिका रही है। अकादमी की कोच सरिता कुजूर ने उनके खेल को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल को बेहतर बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, मानसिक मजबूती और दबाव में सही निर्णय लेने की क्षमता पर भी ध्यान दिया जाता है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन का नियमित आकलन कर उनकी कमजोरियों को दूर करने की यह प्रक्रिया किरण के विकास में काफी मददगार रही है।
किरण पिस्दा का भारतीय सीनियर टीम में चयन न केवल उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि छत्तीसगढ़ में महिला फुटबॉल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रशिक्षण और अवसरों की भी एक अहम मिसाल है। अब प्रदेशवासियों की निगाहें रूस के खिलाफ होने वाले मुकाबलों पर रहेंगी, जहां किरण एक बार फिर भारतीय जर्सी में अपना दमखम दिखाएंगी।











