
एसएलआरएम केंद्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर स्वच्छता दीदियों को किया गया सम्मानित
अम्बिकापुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम अम्बिकापुर ने सफाई मित्र सुरक्षा सम्मान शिविर का आयोजन किया। शिविर में 500 स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल का दिया प्रशिक्षण
शिविर में सफाई कार्य के दौरान इस्तेमाल होने वाले सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही मॉक ड्रिल के जरिए सफाई मित्रों को उपकरणों के सही उपयोग, काम के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा मानकों के पालन की जानकारी दी गई।
सफाई मित्रों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के लिए भी जागरूक किया गया, ताकि काम के दौरान संभावित जोखिमों से बचाव किया जा सके।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियां सम्मानित
कार्यक्रम में एसएलआरएम केंद्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्वच्छता दीदियों से संवाद किया। कार्यक्रम में महापौर, सभापति, एमआईसी सदस्य, पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि, नगर निगम आयुक्त सहित अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और सफाई मित्र मौजूद रहे।
















