झारखंड से अवैध धान परिवहन करते दो पिकअप जब्त, दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई

0
8

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और दूसरे राज्यों से अवैध धान के परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के दुलदुला तहसील क्षेत्र में झारखंड से धान लेकर आ रहे दो पिकअप वाहनों को जब्त किया गया है। जांच के दौरान धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले।

कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर 24 अक्टूबर की रात तहसीलदार राहुल कौशिक और खाद्य निरीक्षक संदीप गुप्ता ने कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि दोनों पिकअप में झारखंड के कुरडेग से धान लोड कर छत्तीसगढ़ के नारायणपुर चराईमारा ले जाया जा रहा था।

दस्तावेज नहीं मिलने पर जब्त किए वाहन

प्रशासनिक टीम ने जांच के दौरान परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों पिकअप वाहनों और उनमें लदे धान को जब्त कर लिया। इसके बाद वाहनों को दुलदुला थाने के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई और प्रकरण तैयार करने के लिए मंडी निरीक्षक को भी सूचित किया गया है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई

दुलदुला तहसील झारखंड की सीमा से लगी हुई है। धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाए जाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच अभियान चला रहा है।

प्रशासन का कहना है कि अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निगरानी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here