
कथारा कोलियरी के स्टॉकयार्ड में जलावन के लिए कोयला चुन रहे थे ग्रामीण, मलबे में दबे सात लोग; हादसे की जांच में जुटी पुलिस और सीसीएल प्रबंधन
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की कथारा कोलियरी में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कोयले का ऊंचा ढेर अचानक धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त सभी लोग स्टॉकयार्ड में घरेलू उपयोग और जलावन के लिए कोयला चुन रहे थे।
घटना बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड की है। जानकारी के अनुसार, आसपास के गांवों के सात लोग रिजेक्ट कोयला चुनने पहुंचे थे। इसी दौरान कोयले का बड़ा ढेर अचानक भरभराकर धंस गया। इसकी चपेट में छह महिलाएं और एक पुरुष आ गए और सभी भारी मलबे के नीचे दब गए।
तीन महिलाओं की मौके पर मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और सीसीएल प्रबंधन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। चार घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान पुष्पा देवी, कौशल्या देवी और हीरालाल की पत्नी के रूप में हुई है। पुष्पा देवी गल्लू यादव की पत्नी थीं, जबकि कौशल्या देवी के पति का नाम विश्वनाथ बताया गया है। तीनों महिलाएं बांध बस्ती की निवासी थीं।
हादसे के कारणों की जांच जारी
बेरमो के एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ग्रामीण जलावन के लिए कोयला चुनने स्टॉकयार्ड पहुंचे थे। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कोयले का ढेर किन कारणों से धंसा।
घटना के बाद कथारा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


















