
छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान महापर्व आज 29 नवंबर को, रायपुर में निकलेगी भव्य रैली
आदिवासी, सुआ, राउत नाचा और करमा नृत्य सहित दिखेगी छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक
रायपुर। छत्तीसगढ़ की अस्मिता, गौरवशाली इतिहास और समृद्ध लोकसंस्कृति के सम्मान में 29 नवंबर 2026 को राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान महापर्व का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भव्य रैली, पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान, आदिम संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजन में प्रदेश की अस्मिता और गौरव से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक रंग देखने को मिलेंगे।
लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से सजेगा महापर्व
महापर्व में आदिवासी नृत्य, सुआ नृत्य, राउत नाचा, करमा नृत्य, पंथी, नवदुर्गा झांकी और शिव झांकी की प्रस्तुतियां होंगी। इन सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया जाएगा।
कलेक्टोरेट से निकलेगी रैली
कार्यक्रम के तहत 29 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रैली निकाली जाएगी। रैली कलेक्टोरेट, महतारी अंगना और घड़ी चौक से होते हुए आगे बढ़ेगी। इसका समापन बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ा तालाब, रायपुर में होगा। यहां सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभिन्न संगठनों का संयुक्त आयोजन
इस महापर्व का संयोजन छत्तीसगढ़ महतारी अस्मिता रक्षा मंच रायपुर, छत्तीसगढ़ पत्रकार महासंघ तथा मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी और सर्व छत्तीसगढ़िया समाज द्वारा किया जा रहा है। वहीं, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर राजनीतिक संगठन) आयोजक की भूमिका में है।
आयोजकों ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की भाषा, संस्कृति, परंपरा और अस्मिता के सम्मान में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है।














