
दिसपुर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा है कि राज्य में नई भाजपा-नीत सरकार का गठन और शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होगा। उन्होंने बताया कि संवैधानिक और संगठनात्मक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नई सरकार शपथ लेगी।
राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत में हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव परिणामों की आधिकारिक अधिसूचना जारी किए जाने के बाद उन्होंने लोकतांत्रिक परंपराओं के तहत मंत्रिपरिषद सहित इस्तीफा दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान असम विधानसभा को भंग करने की सिफारिश भी राज्यपाल से की गई है।
कार्यवाहक सरकार के रूप में जारी रहेगा काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नई सरकार के गठन तक मौजूदा मंत्रिमंडल को कार्यवाहक सरकार के रूप में काम जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि नई सरकार के शपथ ग्रहण तक प्रशासनिक कामकाज सामान्य रूप से चलता रहेगा।
11 मई के बाद होगा शपथ ग्रहण
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि नई सरकार का शपथ ग्रहण 11 मई से पहले नहीं होगा। उन्होंने बताया कि 12 मई को लेकर चर्चाएं चल रही हैं, हालांकि अंतिम तारीख की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।



















