BSP ने जुलाई में रचा नया उत्पादन इतिहास, कई इकाइयों ने बनाए मासिक रिकॉर्ड

0
9

भिलाई भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) ने जुलाई 2026 में उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संयंत्र की कई प्रमुख उत्पादन इकाइयों ने जुलाई माह में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।

सिंटर प्लांट में रिकॉर्ड उत्पादन

सिंटर प्लांट ने जुलाई में 7,88,130 टन सिंटर का उत्पादन किया, जो जुलाई 2023 के 7,21,848 टन के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है। वहीं सिंटर प्लांट-3 ने 5,38,741 टन उत्पादन कर जुलाई 2023 के 5,00,929 टन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया मासिक कीर्तिमान बनाया।

ब्लास्ट फर्नेस-8 का शानदार प्रदर्शन

ब्लास्ट फर्नेस-8 ने 2,60,542 टन हॉट मेटल का उत्पादन किया, जो जुलाई 2023 के 2,35,864 टन के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है। इसके साथ ही इस इकाई ने 2.46 टन प्रति घन मीटर प्रतिदिन की रिकॉर्ड उत्पादकता हासिल की, जो जुलाई 2025 के 2.23 टन प्रति घन मीटर प्रतिदिन के रिकॉर्ड से बेहतर है।

एसएमएस-3 ने भी बनाए नए रिकॉर्ड

स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) ने जुलाई में 1,29,050 टन ब्लूम का उत्पादन कर जुलाई 2023 के 1,07,126 टन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वहीं कास्ट स्टील उत्पादन भी बढ़कर 3,38,496 टन पहुंच गया, जो जुलाई 2023 के 3,01,013 टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ आंकड़े से अधिक है।

समेकित उत्पादन में भी नया कीर्तिमान

संयंत्र का कुल हॉट मेटल उत्पादन जुलाई में 5,44,049 टन रहा, जिसने जुलाई 2023 के 5,09,691 टन के रिकॉर्ड को पार कर लिया। इसी तरह कुल क्रूड स्टील उत्पादन 5,17,656 टन और कुल सेलेबल स्टील उत्पादन 4,83,949 टन दर्ज किया गया। दोनों ही आंकड़े जुलाई 2023 के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड से अधिक हैं।

भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने इन उपलब्धियों का श्रेय कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, बेहतर समन्वय और उत्पादन क्षमता में लगातार सुधार को दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here