एकलव्य आवासीय विद्यालय में 10वीं के छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में मिला शव

0
245

बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। छात्र का शव स्कूल परिसर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम के रूप में हुई है। वह ग्राम रीवागहन खेरथा का रहने वाला था और एकलव्य आवासीय विद्यालय डौंडी में रहकर 10वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, सुबह अन्य छात्र दैनिक गतिविधियों के लिए बाहर गए थे, जबकि विनय अपने कमरे में ही रुका हुआ था। वह सुबह होने वाली पीटी में भी शामिल नहीं हुआ। बाद में जब साथी छात्र वापस कमरे की ओर पहुंचे तो उन्होंने कमरा नंबर 16 में विनय को फांसी के फंदे पर लटका देखा।

छात्रों ने इसकी जानकारी विद्यालय प्रबंधन को दी। इसके बाद डौंडी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल छात्र द्वारा यह कदम उठाए जाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ छात्र के साथ पढ़ने वाले अन्य विद्यार्थियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here